ठेकेदार सहित तत्कालीन एसडीओ और उप अभियंता को नोटिस जारी सड़क निर्माण में मिली खामियां, ठेकेदार और दो अधिकारियों को नोटिस; सात दिन में सुधार के निर्देश

ठेकेदार सहित तत्कालीन एसडीओ और उप अभियंता को नोटिस जारी सड़क निर्माण में मिली खामियां, ठेकेदार और दो अधिकारियों को नोटिस; सात दिन में सुधार के निर्देश

कवर्धा खबर योद्धा।। ग्राम बानौ से कान्हाभैरा तक नवनिर्मित सड़क की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर कराए गए निरीक्षण में 6.70 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग के कई हिस्सों में क्षति और धंसाव पाया गया। निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी सामने आने पर विभाग ने संबंधित ठेकेदार सहित तत्कालीन एसडीओ और उप अभियंता को नोटिस जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, सड़क क्षतिग्रस्त होने की शिकायत मिलने पर लोक निर्माण विभाग के कवर्धा संभाग के कार्यपालन अभियंता, बोड़ला उप संभाग के अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता की संयुक्त टीम ने 27 अक्टूबर को मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की पूरी चौड़ाई में कई स्थानों पर तथा कुछ जगहों पर बाईं ओर का हिस्सा धंसा हुआ पाया गया। जांच में सड़क निर्माण की गुणवत्ता में कमी और पर्याप्त कम्पेक्शन नहीं होने की बात भी सामने आई।

निरीक्षण के बाद विभाग ने ठेकेदार मेसर्स कन्हैया लाल अग्रवाल को नोटिस जारी कर क्षतिग्रस्त हिस्सों को सात दिनों के भीतर सुधारने के निर्देश दिए हैं। सुधार कार्य में क्षतिग्रस्त सड़क को उखाड़कर जीएसबी सतह से निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार दोबारा तैयार करना होगा। साथ ही सुधार कार्य के फोटोग्राफ्स कार्यपालन अभियंता के समक्ष प्रस्तुत करने होंगे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में सुधार कार्य नहीं किए जाने पर अनुबंध की शर्तों के अनुसार ठेकेदार के रिस्क एंड कॉस्ट पर मरम्मत कराई जाएगी। इसकी राशि रोकी गई परफॉर्मेंस गारंटी से समायोजित की जाएगी और इसकी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी।

उल्लेखनीय है कि 6.70 किलोमीटर लंबे बानौ-कान्हाभैरा मार्ग का निर्माण पुल-पुलियों सहित ठेकेदार मेसर्स कन्हैया लाल अग्रवाल द्वारा इसी वर्ष फरवरी में पूरा किया गया था। यह सड़क फरवरी 2031 तक पांच वर्ष की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में शामिल है। इसके बावजूद सड़क का क्षतिग्रस्त होना निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है।

 तत्कालीन एसडीओ और उप अभियंता को भी नोटिस

सड़क निर्माण के दौरान पर्याप्त कम्पेक्शन नहीं किए जाने की स्थिति सामने आने पर लोक निर्माण विभाग ने तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी उमाप्रसाद जोशी और उप अभियंता एल.आर. छत्तरे को भी नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर कम्पेक्शन टेस्ट की विस्तृत रिपोर्ट कार्यपालन अभियंता के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने पर इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता मानते हुए आरोप पत्र जारी किया जाएगा तथा विभागीय जांच की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

सड़क निर्माण की गुणवत्ता और बेहतर रखरखाव को लेकर लोक निर्माण विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जितेन्द्र राज नामदेव

एडिटर इन चीफ - खबर योद्धा

error: Content is protected !!