
घरेलू विवाद में 20 वर्षीय विवाहिता की हत्या, जेठ पर लगा हत्या का आरोप कबीरधाम के ग्राम मोहगांव की घटना, पुलिस ने अपराध दर्ज कर शुरू की जांच
कवर्धा खबर योद्धा।। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहगांव में घरेलू विवाद के चलते 20 वर्षीय विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतिका की पहचान हेमलता निषाद, पति वीर सिंह निषाद, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या का आरोप मृतिका के जेठ देव सिंह निषाद पर लगा है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को ग्राम मोहगांव में घरेलू विवाद के दौरान आरोपी देव सिंह निषाद ने कथित तौर पर हेमलता का सिर दीवार पर पटक दिया। इसके बाद गला दबाने और धारदार हथियार से चोट पहुंचाकर उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटा रही है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के पीछे के कारणों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


