
शुभ दीपावली के साथ स्वच्छ दीपावली मनाने का आह्वान:-विवेक मोनू भंडारी
कवर्धा खबर योद्धा।। दीपावली खुशियों, उमंग, उत्साह और रोशनी का पर्व है। आइए, इस पावन अवसर पर हम सभी मिलकर दीपावली का त्योहार पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाएँ। अपने घरों को दीपों से सजाएँ, मिठाइयाँ बाँटें, अपनों के साथ खुशियाँ साझा करें और त्योहार का भरपूर आनंद लें। लेकिन इन खुशियों के बीच अपनी सामाजिक जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति अपने कर्तव्य को भी न भूलें।

दीपावली के अवसर पर घरों में साफ-सफाई के दौरान बड़ी मात्रा में कचरा निकलता है। पुराने सामान, प्लास्टिक, सजावट की सामग्री, मिठाइयों के डिब्बे एवं अन्य अपशिष्ट अक्सर सड़कों, नालियों और खाली स्थानों पर फेंक दिए जाते हैं। वहीं दीपावली के बाद पटाखों का कचरा भी गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर बिखरा दिखाई देता है। यह स्थिति हमारे शहर की सुंदरता और स्वच्छता दोनों को प्रभावित करती है।
हमें एक बार स्वयं से यह सवाल जरूर करना चाहिए कि जिस घर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए हम कई दिनों तक मेहनत करते हैं, उसी घर से निकलने वाला कचरा सार्वजनिक स्थानों पर फैलाकर क्या हम अपने शहर को गंदा करने का अधिकार रखते हैं?
हर छोटी-बड़ी समस्या के लिए केवल प्रशासन पर निर्भर रहना या सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत करना ही पर्याप्त नहीं है। प्रशासन की अपनी जिम्मेदारी है, लेकिन एक जागरूक नागरिक के रूप में हमारी जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। जिस अव्यवस्था को पैदा करने में हमारा योगदान है, उसे व्यवस्थित करने का बीड़ा भी हमें स्वयं उठाना चाहिए।
इस दीपावली हम सभी संकल्प लें कि पटाखे जलाने के बाद निकलने वाले कचरे को स्वयं एकत्रित करेंगे, घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखेंगे, कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालेंगे तथा सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों को गंदा नहीं करेंगे। साथ ही अपने परिवार, बच्चों और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे।
याद रखिए, स्वच्छता केवल प्रशासन या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व और संस्कार है। हमारा शहर भी हमारा घर है और जिस तरह हम अपने घर को साफ-सुथरा रखते हैं, उसी भावना से अपने शहर को भी स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य है।
आइए, इस दीपावली केवल अपने घरों को ही नहीं, बल्कि अपनी गलियों, मोहल्लों और पूरे शहर को भी स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लें। त्योहार की खुशियाँ मनाने के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएँ।
खुशियाँ भी हमारी, जिम्मेदारी भी हमारी, शहर भी हमारा और स्वच्छता भी हमारी।
शुभ दीपावली के साथ स्वच्छ दीपावली मनाएँ।
स्वच्छ शहर, सुंदर शहर – यही हमारा संकल्प हो।


