छत्तीसगढ़ में मध्य प्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार घर और किराना स्टोर में चोरी का मामला

छत्तीसगढ़ में मध्य प्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार घर और किराना स्टोर में चोरी का मामला

कवर्धा खबर योद्धा।। कबीरधाम जिले के थाना सहसपुर लोहारा पुलिस ने ग्राम छोटूपारा में घर और किराना दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल सहित कुल ₹1 लाख 74 हजार की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हैं।

ज्ञात हो केि

थाना सहसपुर लोहारा पुलिस ने ग्राम छोटूपारा में घर एवं किराना दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के दो शातिर आरोपियों (1) राकेश कुसरे, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम अकलपुर, थाना मलाजखंड, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) तथा (2) अमर मरकाम, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम डोंगरिया, थाना बिरसा, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, अनुमानित कीमत 74,000/- रुपये, तथा वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, कीमत लगभग 1,00,000/- रुपये, सहित कुल 1,74,000 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है। दोनों आरोपियों को विधिसम्मत कार्यवाही के पश्चात न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

घर एवं किराना दुकान में ताला तोड़कर चोरी की वारदात

प्रार्थी रेवाराम साहू, निवासी ग्राम छोटूपारा एवं किराना व्यवसायी, ने थाना सहसपुर लोहारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक- 18.10.2026 को ग्राम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने के कारण वह अपने घर एवं दुकान में ताला लगाकर कार्यक्रम देखने गया था। रात्रि लगभग 01:30 बजे घर लौटने पर उसने देखा कि घर के सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर कमरे में रखी दोनों गोदरेज अलमारियों के ताले एवं लॉकर टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था।

अलमारी में रखी नगदी रकम 5,000/- रुपये, सोने के पत्ती वाले इस्तेमाली लॉकेट 09 नग, जिनकी कीमत लगभग 41,000/- रुपये थी, चांदी का करधन एवं छोटे बच्चे का चांदी का आभूषण, जिनकी कुल कीमत लगभग 25,000/- रुपये थी, गायब मिले। इसके बाद दुकान में जाकर देखने पर वहां का दरवाजा भी खुला मिला तथा काउंटर की दराज में रखी लगभग 3,000/- रुपये की नगदी रकम भी गायब थी। इस प्रकार घर एवं दुकान से कुल 74,000/- रुपये की संपत्ति चोरी की गई थी।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक- 169/2026, धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

सी.सी.टी.वी. फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना सहसपुर लोहारा पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया, साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की गई। 

पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों की पहचान कर अलग-अलग टीमें गठित की गईं तथा मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में दबिश दी गई। पुलिस की सतत पतासाजी एवं त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप राकेश कुसरे एवं अमर मरकाम को पकड़ने में सफलता मिली। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने ग्राम छोटूपारा में हुई चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

चोरी के आभूषण एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त

आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से चोरी के 09 नग सोने के पत्ती वाले आभूषण, 01 नग चांदी का करधन तथा 01 जोड़ी चांदी की पायल बरामद की गई। चोरी की संपत्ति की अनुमानित कीमत 74,000/- रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 1,00,000/- रुपये है, भी जप्त की गई।

इस प्रकार चोरी के सोने-चांदी के आभूषण एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 1,74,000/- रुपये की संपत्ति जप्त कर विधिवत पुलिस कब्जे में ली गई।

मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में 11 प्रकरणों में संलिप्त रहे हैं आरोपी

गिरफ्तार दोनों आरोपी आदतन आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। उनके विरुद्ध मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी एवं आर्म्स एक्ट जैसी धाराओं के अंतर्गत कुल 10 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी विवेचना के दौरान सामने आई है। इसके अतिरिक्त थाना सहसपुर लोहारा के भी 02 प्रकरणों में उनकी संलिप्तता होना पाया गया है, कुल 11 प्रकरण आरोपियों के विरुद्ध पंजीबद्ध है।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय, कबीरधाम के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। 

जितेन्द्र राज नामदेव

एडिटर इन चीफ - खबर योद्धा

error: Content is protected !!