नाबालिग से दुष्कर्म कर शादी का झांसा देने वाला आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

नाबालिग से दुष्कर्म कर शादी का झांसा देने वाला आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

महिला थाना पुलिस की कार्रवाई, आरोपी को न्यायालय ने भेजा न्यायिक अभिरक्षा में

खबर योद्धा कवर्धा।। नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देने और लगातार शारीरिक शोषण करने के मामले में कबीरधाम महिला थाना पुलिस ने फरार आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक प्रमिला मंडावी के दिशा-निर्देशन में महिला थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

मामले में 29 जून 2026 को नाबालिग पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ग्राम कटंगी कला, थाना सिंघनपुरी जंगल निवासी करन ध्रुवे के खिलाफ अपराध क्रमांक 29/2026 दर्ज किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अक्टूबर-नवंबर 2025 के दौरान आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद शादी का प्रलोभन देकर आरोपी द्वारा लगातार उसका शारीरिक शोषण किया गया। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी आरोपी को होने के बाद वह फरार हो गया।

पुलिस ने मामले में धारा 64(2)(एम), 87 बीएनएस एवं धारा 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता एवं उसके परिजनों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी के महाराष्ट्र के नागपुर में होने की जानकारी पुलिस को मिली। इसके बाद महिला थाना पुलिस टीम नागपुर पहुंची और आरोपी करन ध्रुवे पिता लखन ध्रुवे, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम कटंगी कला, थाना सिंघनपुरी जंगल, वर्तमान पता धनगांव, थाना लोहारा, जिला कबीरधाम को 16 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ एवं विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर नियमानुसार गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले की विवेचना अभी जारी है।

कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी एवं महिला थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

जितेन्द्र राज नामदेव

एडिटर इन चीफ - खबर योद्धा

error: Content is protected !!