धराशायी नीम के स्थान पर हुआ पुनः पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कवर्धा खबर योद्धा ।। महावीर स्वामी चौक स्थित जैन स्थानक परिसर में शताब्दी पुराने विशालकाय नीम वृक्ष के गिरने के बाद वार्ड के जागरूक नागरिकों ने सराहनीय पहल करते हुए उसी स्थान पर पुनः नीम का पौधारोपण किया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संतुलन बनाए रखना और हरियाली को संरक्षित करना रहा।

हरीतिमा टीम के साथ मिलकर नागरिकों ने इस कार्य की योजना बनाई तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी एवं वार्ड पार्षद रिंकेश वैष्णव से संपर्क किया। जनप्रतिनिधियों ने तत्परता दिखाते हुए जेसीबी एवं आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कराई।
सोमवार सुबह हरीतिमा टीम के अध्यक्ष अजय लुनिया के नेतृत्व में टीम के सदस्य पौधा, ट्री गार्ड, सीमेंट, गिट्टी, ईंट एवं पानी आदि सामग्री के साथ स्थल पर पहुंचे। कार्यक्रम में वयोवृद्ध श्रावक भीषम चंद लूनिया, जैन संघ अध्यक्ष नेमीचंद श्रीश्रीमाल, रत्ना देवी उपाध्याय, माया देवी रूसिया, लीला श्रीश्रीमाल एवं प्रीति लूनिया सहित अन्य श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं वंदन-पूजन के साथ पौधारोपण किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने नागरिकों की जागरूकता की सराहना करते हुए हरीतिमा टीम के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। वहीं सकल जैन श्री संघ अध्यक्ष नेमीचंद श्रीश्रीमाल ने हरीतिमा टीम को 5001 रुपये की सहयोग राशि भेंट कर सभी का आभार व्यक्त किया। लायंस क्लब के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रेमचंद श्रीश्रीमाल ने इस वृक्ष से जुड़ी अपनी बचपन की स्मृतियों को साझा किया।
कार्यक्रम का संचालन सकल जैन श्री संघ के कार्यकारिणी सदस्य दिनेश श्रीश्रीमाल ने किया। इस दौरान ऋषभ निलेश कोटडिया ने भी हरीतिमा टीम को 5001 रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में अतुल देशलहरा, गुलाबचंद श्रीश्रीमाल, दिनेश जैन, सुभाष बोथरा, राहुल उपाध्याय, संतोष श्रीश्रीमाल, हरिश नाहटा, नवीन श्रीश्रीमाल, छवेंद्र गुप्ता, शशी श्रीश्रीमाल, अक्षय श्रीश्रीमाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के इस अनुकरणीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
