चोरी की बचत नगदी, चांदी के आभूषण एवं वारदात में प्रयुक्त सामग्री सहित कुल 3 लाख 2 हजार 80 रुपये की संपत्ति पंडरिया पुलिस ने किया जप्त

चोरी की बचत नगदी, चांदी के आभूषण एवं वारदात में प्रयुक्त सामग्री सहित कुल 3 लाख 2 हजार 80 रुपये की संपत्ति पंडरिया पुलिस ने किया जप्त

कवर्धा खबर योद्धा।। पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र में हुई 4 लाख 10 हजार रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी नंद राम श्रीवास, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम घोंठा, थाना पांडातराई, जिला कबीरधाम को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बचत नगदी रकम 1,49,080 रुपये, चोरी के पैसों से खरीदे गए चांदी के एक जोड़ी लच्छा तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं लोहे का सब्बल सहित कुल 3,02,080 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।

 

कृषि केंद्र में सेंधमारी कर 4 लाख 10 हजार रुपये की चोरी

प्रार्थी अमरीक सिंह सलूजा ने थाना पंडरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 14 एवं 15 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात कुकदूर तिराहा, पंडरिया के पास स्थित पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र में अज्ञात चोर द्वारा सेंधमारी कर दुकान के काउंटर की दराज में रखी नगदी रकम 4,10,000 रुपये चोरी कर ली गई। रिपोर्ट पर थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 216/2026, धारा 331(4), 305A भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

 

सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से आरोपी की पतासाजी

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पंडरिया पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण तथा मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध की पहचान एवं पतासाजी की गई।

 

पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए आरोपी नंद राम श्रीवास के ग्राम घोंठा क्षेत्र में मिलने पर उससे पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की घटना से संबंधित महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई, जिससे प्रकरण के खुलासे में सफलता मिली।

 

आरोपी की निशानदेही पर नगदी एवं चांदी के आभूषण सहित अन्य सामग्री जप्त

 

आरोपी के मेमोरेंडम कथन एवं निशानदेही के आधार पर उसके निवास से चोरी की बचत नगदी रकम 1,49,080 रुपये तथा चोरी के पैसों से खरीदे गए चांदी के एक जोड़ी लच्छा, कीमत लगभग 1,32,000 रुपये, जप्त किए गए।

 

इसके अतिरिक्त वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 ED 7263, कीमत लगभग 15,000 रुपये, सिम लगा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, कीमत लगभग 5,000 रुपये तथा सेंधमारी में प्रयुक्त लोहे का सब्बल, कीमत लगभग 1,000 रुपये, भी विधिवत जप्त किया गया। वारदात के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े भी जप्त किए गए हैं।

 

इस प्रकार चोरी की बचत नगदी, चांदी के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं लोहे के सब्बल की उपलब्ध अनुमानित कीमत के आधार पर कुल 3,02,080 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है। कपड़ों का मूल्य इस राशि में शामिल नहीं है।

 

*आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड की कार्यवाही*

 

प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों एवं विवेचना के आधार पर आरोपी नंद राम श्रीवास को दिनांक 22.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।

 

*आरोपी आदतन आपराधिक प्रवृत्ति का है। इसके विरुद्ध पूर्व में कबीरधाम जिला के चौकी बैजलपुर में भी चोरी का मामला दर्ज है।*

 

*वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पंडरिया पुलिस की प्रभावी कार्यवाही*

 

उक्त संपूर्ण कार्यवाही में कबीरधाम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी गणों के दिशा निर्देश पर थाना प्रभारी पंडरिया निरीक्षक श्री अजय सिन्हा व थाना पंडरिया पुलिस, एवं साइबर थाना टीम की सराहनीय भूमिका रही।

जितेन्द्र राज नामदेव

एडिटर इन चीफ - खबर योद्धा

error: Content is protected !!