

किसानों के चक्का जाम से रायपुर-कवर्धा नेशनल हाईवे पर लगा लंबा जाम
बलराम किसान न्याय यात्रा के बैनर तले प्रदर्शन, 5 से 6 किलोमीटर तक वाहनों की कतार
कवर्धा खबर योद्धा।। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर बलराम किसान न्याय यात्रा के बैनर तले किसानों ने आज रायपुर-कवर्धा नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। चक्का जाम के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जो करीब 5 से 6 किलोमीटर तक पहुंच गई।

चक्का जाम के कारण यात्री बसों, चारपहिया वाहनों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, स्कूल बसें भी जाम में फंसी नजर आईं, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी हुई।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने सरकार के सामने कृषि और किसानों से जुड़ी विभिन्न मांगें रखीं। किसानों का कहना है कि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लिया जाए और लंबित राशि का भुगतान करने के साथ किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिया जाए।
किसानों की 10 सूत्रीय प्रमुख मांगें
1. धान के अलावा अन्य सभी फसलों पर कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 15 हजार रुपये दिए जाएं।
2. केंद्र सरकार द्वारा धान के MSP में बढ़ाई गई राशि को 3,100 रुपये में जोड़कर किसानों को भुगतान किया जाए।
3. वर्ष 2022-23 की धान की चौथी किश्त की लंबित 1,700 करोड़ रुपये की राशि किसानों को तत्काल दी जाए।
4. घुमंतु पशुओं के व्यवस्थापन के लिए गौ-वंदन योजना लागू की जाए
5. धान खरीदी में 40,700 किलो प्रति तौल का नियम पूरे प्रदेश में लागू किया जाए।
6. लोहारा ब्लॉक में शक्कर कारखाना खोला जाए।
7. सुतियापाठ जलाशय नहर विस्तारीकरण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए और किसानों की जमीन का मुआवजा जल्द वितरित किया जाए।
8. सुतियापाठ जलाशय मुख्य नहर से आवश्यक माइनर केनाल (पिलारी नहर) का निर्माण जल्द कराया जाए।
9. धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 4,000 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।
10. बिजली बिल की बढ़ी हुई दरों को वापस लेकर पुरानी दरें लागू की जाएं।
किसानों के प्रदर्शन और चक्का जाम के चलते हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। लंबे समय तक वाहन जाम में फंसे रहे, जिसके कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।






