
दीपावली महोत्सव पर 8 नवंबर को कवर्धा पहुंचेंगे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामीश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज
रणवीरपुर से कवर्धा तक होगा भव्य स्वागत
कवर्धा खबर योद्धा।। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामीश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर छह दिवसीय दीपावली महोत्सव के लिए आगमन हो चुका है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पूज्य शंकराचार्य जी महाराज अपने प्रिय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर, बिलासपुर, सिमगा, बेमेतरा एवं कबीरधाम सहित विभिन्न स्थानों पर भक्तों को दर्शन एवं पूजन का सौभाग्य प्रदान करेंगे।

शंकराचार्य जी महाराज का 5 नवंबर को रायपुर आगमन हुआ, जहां से वे बिलासपुर के लिए रवाना हुए। बिलासपुर के चिचिरदा स्थित ब्रह्मलीन द्विपीठाधीश्वर शंकराचार्य जी के कृपापात्र शिष्य हरीश शाह के फार्म हाउस ‘कुंज कुटीर’ में उनका प्रवास निर्धारित है। यहां उनके आगमन पर भव्य स्वागत किया गया तथा धनतेरस पूजन का कार्यक्रम संपन्न होगा।
7 नवंबर को सिमगा स्थित सपाद लक्षेश्वर धाम में दर्शन
7 नवंबर को प्रातः 9 बजे शंकराचार्य जी महाराज बिलासपुर के चिचिरदा से सिमगा स्थित ‘सपाद लक्षेश्वर धाम’, शंकराचार्य आश्रम ग्राम सलधा के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां दंडी स्वामी श्रीमद् ज्योतिर्मयानंद जी द्वारा पादुका पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को पूज्यश्री के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
8 नवंबर को भव्य बाइक रैली के साथ होगा कवर्धा आगमन
8 नवंबर को प्रातः 9 बजे शंकराचार्य जी महाराज सपाद लक्षेश्वर धाम से देवरबीजा, थान खम्हरिया होते हुए रणवीरपुर पहुंचेंगे। यहां भक्तों द्वारा भव्य बाइक रैली के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात सिल्हाटी, सहसपुर लोहारा एवं ओड़िया होते हुए पूज्यश्री का कवर्धा आगमन होगा।
कवर्धा पहुंचने पर शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी अशोक साहू के निज निवास पर पादुका पूजन का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात ‘विशाला धर्म ध्वज चौक’ में नवीन धर्म ध्वज स्थापित किया जाएगा।
इसके बाद पूज्यश्री ज्योतिर्मठ के सीईओ चंद्रप्रकाश उपाध्याय के निवास पहुंचेंगे, जहां उपाध्याय परिवार द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा। यहां भी श्रद्धालुओं को पूज्यश्री के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त होंगे।
महाकाली जन्मोत्सव एवं रात्रि में भव्य महालक्ष्मी पूजन
8 नवंबर को शाम 6 बजे से लक्ष्मी पूजन प्रारंभ होगा। रात्रि 11:45 बजे पूज्यश्री काली मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां महाकाली जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजन-अर्चन करेंगे। रात्रि 12:15 बजे पुनः शंकरा भवन, शांतिदीप कॉलोनी पहुंचेंगे। यहां पूरी रात्रि महालक्ष्मी पूजन एवं अभिषेक का कार्यक्रम होगा। इस दौरान श्रद्धालु पूजन एवं अभिषेक के दर्शन कर सकेंगे।
9 नवंबर को टाटीकसा में गोवर्धन पूजा में होंगे शामिल
9 नवंबर को प्रातः 9 बजे पूज्यश्री चरडोंगरी स्थित यदुनाथ गौशाला पहुंचकर गौपूजन करेंगे। इसके पश्चात ग्राम टाटीकसा पहुंचकर गोवर्धन पूजा के धार्मिक आयोजन में शामिल होंगे। कार्यक्रम के उपरांत उनका पुनः कवर्धा आगमन होगा तथा शंकरा भवनम्, शांतिदीप कॉलोनी में प्रवास रहेगा।
शंकराचार्य जी के मीडिया प्रभारी अशोक साहू ने बताया कि पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामीश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली महोत्सव मनाने के लिए छत्तीसगढ़ पधारे हैं। उनके आगमन से क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह और हर्ष का वातावरण है। यह समस्त भक्तजनों के लिए अत्यंत सौभाग्य का अवसर है कि उन्हें पूज्यश्री के सानिध्य में पूजा-अर्चना करने एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पूज्यश्री के दर्शन, पूजन एवं आशीर्वाद का लाभ प्राप्त करें।


