प्रदेश में पहली बार सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कबीरधाम की 40 महिलाओं को मिला स्वरोजगार का नया साधन
सोलर दीदी के रूप में कबीरधाम जिले की महिलाओं ने बनाई प्रदेश में अपनी अलग पहचान
कवर्धा खबर योद्धा।। विकास की धारा तभी सफल होती है जब समाज का प्रत्येक वर्ग और क्षेत्र का समग्र विकास हो। जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं में ऊर्जा का बहुत महत्व है। घरों में जलते बल्ब जीवन को भी प्रकाशमय करते हैं। बढ़ती जनसंख्या के साथ विद्युत की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत के रूप में सौर ऊर्जा सभी के लिए लाभदायक है। ग्रामीण क्षेत्रों में कम दरों पर लोगों को वैकल्पिक ऊर्जा के रूप में सौर ऊर्जा का साधन मिले इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयास अब रंग लाने लगे हैं। ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए साधनो से जोड़ते हुए रियायती दर पर सौर ऊर्जा के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों को रौशन करने की योजना छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बनाई गई। जिस पर जिला पंचायत कबीरधाम द्वारा अमल करते हुए इसे मूर्त रूप दिया गया। आज कबीरधाम जिले के 40 घरों को सौर ऊर्जा से रौशन करने का कार्य राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विहान की महिला स्व सहायता समूह की दीदियों को मिला है।

सोलर दीदी के रूप में कार्य करने के लिए वंदे मातरम संकुल संगठन कवर्धा को जिला पंचायत कबीरधाम बिहान एवं CSPDCL (RAPM) रायपुर के सहयोग से सोलर वेण्डर के रूप में रजिस्टर्ड किया गया। साथ ही टाटा कंपनी के द्वारा सोलर दीदी के रूप में संकुल की 35 महिलाओं को इस व्यवसाय से जुड़ने के लिए प्रशिक्षित किया गया।वेंडर के रूप में रजिस्टर्ड होने के पश्चात जिला अंतर्गत गठित समस्त स्व- सहायता समूह एवं लोकल लोगों को संकुल के माध्यम से सोलर पैनल लगाये जाने प्रचार-प्रसार कर जागरूकता लाई गई।
अब इसके सुखद परिणाम आने लगे हैं। प्रदेश में पहली बार कबीरधाम जिले की 40 महिलाओं को सोलर दीदी के रूप में आजीविका की नई गतिविधियां मिली है। अभी तक लगभग 40 घरो में सोलर पैनल लगाये जाने हेतु आवेदन प्राप्त हो चुका है। जिनमें से श्रीमती अंजनी पटेल माता भवानी स्व-सहायता समूह ग्राम समनापुर के यहां 03 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित किया गया है। जिसकी कुल लागत राशि रू. 1,80,000 (लेबर चार्ज अतिरिक्त) है। जिसमें से संकुल के माध्यम से 1,20,000 रू. लोन स्वीकृत एवं 60,000 रू. और लेबर चार्ज हितग्राही द्वारा भुगतान किया गया। पीएम सूर्य घर (मुफ्त बिजली योजना) के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़े परिवारों को अधिक से अधिक लाभान्वित किये जाने हेतु संकुल अंतर्गत 06 प्रतिशत ब्याज पर लोन संबंधित ग्राम संगठन/समूहों के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है।
कलेक्टर कबीरधाम गोपाल वर्मा ने बताया कि सौर ऊर्जा पैनल स्थापना और कनेक्शन के लिए रायपुर की विशेष टीम द्वारा महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी मांग बनी हुई है और इससे स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। शासन द्वारा सौर ऊर्जा की स्थापना हेतु रियायती दर पर सब्सिडी के साथ वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है। हमारा प्रयास है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए ताकि उन्हें सस्ते दर पर विद्युत की आपूर्ति हो सके।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि अपर मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्रीमती रिचा शर्मा, सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्री भीम सिंह एवं प्रबंध संचालक राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विहान श्री अश्विनी देवांगन द्वारा इस अभियान में विशेष सहयोग प्रदान किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी से इसके लिए समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया पूरी कराई गई जिसके कारण यह कार्य सुगमता से आगे बढ़ सका।वर्तमान में 03 दीदीयों श्रीमती रेखा झारियां ग्राम समनापुर, श्रीमती सविता राजपूत ग्राम नेवारी एवं श्रीमती दशमत चेलक ग्राम बैझी के यहां पैनल स्थापना का कार्य प्रगति में है। इस व्यवसाय से कबीरधाम जिले की ग्रामीण महिलाओं को पूरे राज्य में अलग पहचान मिली है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए। महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होगी तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी इससे सीधा फायदा होगा। सौर ऊर्जा की स्थापना से महिला समूह के सदस्यों को कमीशन के रूप में बहुत लाभ होगा और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर किसी भी समय सौर ऊर्जा से जुड़ी सेवाएं प्राप्त हो सकेगी। इस कार्यक्रम को शुरुआती दौर में ही बड़ी सफलता मिली है। प्रशिक्षित महिला समूह को लगभग 40 घरों में सौर पैनल लगाने का आर्डर प्राप्त हो चुका है जिसमें से कुछ के घरों में लग भी गए हैं। तकनीकी रूप से प्रशिक्षित महिलाएं अब पुरुषो के साथ कंधा से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है और नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।






