भोरमदेव में इको-टूरिज्म को मिली नई पहचान, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने 6 किमी इको ट्रेल का किया शुभारंभ
कवर्धा खबर योद्धा।। कबीरधाम जिले के भोरमदेव अभ्यारण्य में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वन महोत्सव के अवसर पर 6 किलोमीटर लंबे भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ पैदल ट्रेल का भ्रमण कर घने जंगलों की जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव में जंगल सफारी के बाद इको ट्रेल शुरू होने से प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर इस क्षेत्र की नई पहचान बनेगी। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से होटल, परिवहन, स्थानीय हस्तशिल्प और खान-पान जैसे व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि भोरमदेव का विकास तभी सार्थक होगा जब स्थानीय लोग इसे अपनी धरोहर मानकर संरक्षण में भागीदारी निभाएंगे।

वन महोत्सव के तहत करियाआमा गांव में 51 काला आम के पौधों का रोपण कर ‘काला आम उपवन’ की स्थापना की गई। इसके साथ ही जिले में 50 हजार सीड बॉल रोपण अभियान और एक लाख पौधों के वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और जैकेट भी वितरित किए गए।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत भोरमदेव क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से प्रवेश द्वार, संग्रहालय, पार्किंग, मेला स्थल, छेरकी महल, मड़वा महल, रामचूआ और सरोदा बांध सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है।
वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि भोरमदेव इको ट्रेल प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होगी। लगभग 6 किलोमीटर लंबी इस ट्रेल को पूरा करने में 3 से 4 घंटे का समय लगेगा। प्रशिक्षित नेचर गाइड के साथ पर्यटक जंगल, औषधीय वनस्पतियों, पक्षियों, तितलियों और वन्यजीवों का अवलोकन कर सकेंगे। ट्रेल में भाग लेने के लिए प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।




