संभागीय सरस मेला बना महिला समूह के लिए आम जनता तक पहुंचने का उत्कृष्ट माध्यम
महज तीन दिन में 4 लाख 51 हजार रुपए से अधिक का हुआ व्यापार
आकर्षक एवं दैनिक उपयोग की सामग्रियां बनी आकर्षण का केंद्र
कवर्धा खबर योद्धा।। दिनांक 5 अगस्त 2026, भोरमदेव मंदिर ग्राम चौरा में आयोजित 5 दिवसीय संभागीय सरस मेले को लोगो का अच्छा साथ मिला है। महज तीन दिन में ही महिला समूह द्वारा बनाए गए उत्पादनों कि लोगों ने जमकर खरीदी की है। ₹400000 से अधिक की सामग्री बेचकर ग्रामीण महिलाओं ने अपने हुनर का लोहा एक बार फिर साबित किया है। जैविक खाद्य सामग्री, आकर्षक घरेलू सजावटी सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुओं ने लोगों का मन मोह लिया। यही कारण है कि मेले में आए लोगों ने महिला समूह द्वारा निर्मित सामग्रियों की तारीफ की और उसे हाथों-हाथ खरीदा।

सरस मेला में हुए व्यापार के संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि संभागीय सरस मेला राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विहान की दीदियों को अपने उत्पादन आम जनता तक लाने के लिए एक सार्थक मंच है। दुर्ग संभाग के सभी जिलों के साथ अन्य स्थानों से आई महिला समूह के सदस्यों ने भव्य प्रदर्शनी लगाई तथा अपने उत्पादनो के बारे में आम जनता को पूरी जानकारी दी। मेले में अभी तक 3550 से अधिक लोगों ने 4 लाख 51000 रुपए से अधिक की खरीदी की है। यह हर्ष का विषय है कि कबीरधाम जिलेवासियों को यह आयोजन बहुत पसंद आया। लोगों की खरीदी से ग्रामीण महिला उद्यमियों का हौसला बढ़ा है तथा वह आजीविका के रास्ते पर नए आयाम स्थापित करेंगी। पॉपकॉर्न के स्टाल में लगभग ₹15000 से अधिक की खरीदी हुई है, दुर्ग जिले से हैंडलूम साड़ी का व्यवसाय भी लगभग ₹20000 से अधिक का हो चुका है। ऐसे ही अन्य स्टालों में बड़ी मात्रा पर खरीदी बिक्री हुआ है।
उल्लेखनीय है कि संभागीय सरस मेले का आयोजन 2 अगस्त से 6 अगस्त तक भोरमदेव मंदिर के पास किया गया है। मेले में 50 से अधिक स्टाल लगाए गए हैं। प्रत्येक स्लॉट में अलग-अलग प्रकार की वस्तुएं जिसमें खाद्य सामग्री, दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं, कपड़े तथा हर आयु वर्ग के लोगों के लिए जरूरी सामान विक्रय के लिए उपलब्ध है। मेले में मिलने वाला सभी सामान उच्च गुणवत्ता के साथ बहुत ही कम दर पर मिल रहे हैं। यही कारण है कि लोगों ने इसे हाथों-हाथ पसंद किया है। विशेष कर जैविक खाद्य सामग्रियों को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। सरस मेला ऐसा मंच है जो ग्रामीण महिलाओं को उद्यमी बनने का मार्ग प्रशस्त करता है। आप भी इस मेले में पहुंचकर इसका लाभ उठा सकते है।







