
डिप्टी सीएम विजय शर्मा द्वारा भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना,कवर्धा में शेयर धारक किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की रियायती दर पर शक्कर वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ
कवर्धा खबर योद्धा।। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा हरितालिका (तीजा पर्व) और गणेश चतुर्थी के अवसर पर भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना कवर्धा में रियायती दर पर शक्कर वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया,इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम भी वर्चुअली शामिल हुए। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना कवर्धा को नेशनल को ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन,नई दिल्ली के द्वारा सर्वोच्च शुगर रिकवरी के लिए वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में एफिशिएंसी अवार्ड प्राप्त होने पर क्षेत्र वासियों,शेयर धारक किसानों एवं कर्मचारियों को मंत्री द्वय द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई।

शेयर धारक किसानों को रियायती दर पर शक्कर वितरण का यह लगातार तीसरा साल है। कारखाने में पिछले वर्ष लगभग 5000 नये किसानों ने गन्ना आपूर्ति की थी,जिनको भी इस वर्ष रियायती दर पर शक्कर वितरण का लाभ मिलेगा,इस प्रकार कारखाने के कुल 28000 से अधिक शेयर धारकों को रियायती दर पर शक्कर वितरण का लाभ मिलेगा।
वर्तमान में चूंकि बाजार में शक्कर की कीमतें अधिक हैं और किसानों को त्योहारी सीजन में 30 रुपये किलो की रियायती दर पर ही शक्कर उपलब्ध हो जाएगी,इसलिए शेयर धारक गन्ना किसानों में शासन के इस कार्यक्रम से अत्यंत हर्ष व्याप्त है।
इस कार्यक्रम में माननीय उप मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के सामाजिक आर्थिक विकास में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के योगदान की सराहना करते हुए,गन्ना किसानों से आगामी पेराई सत्र में अधिक से अधिक गन्ना भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना कवर्धा को प्रदाय करने की अपील की।






