राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कवर्धा में कांग्रेस का प्रदर्शन, न्यायिक जांच की मांग

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कवर्धा में कांग्रेस का प्रदर्शन, न्यायिक जांच की मांग

 

कवर्धा खबर योद्धा।। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम ने सोमवार को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि जिन लोगों ने भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति कर सत्ता हासिल की, उनके शासनकाल में ही रामलला के मंदिर की सुरक्षा और पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि मंदिर के चढ़ावे और प्रबंधन में अनियमितता हुई है तो यह करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

 

पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने कहा कि भाजपा वर्षों तक “जय श्रीराम” के नाम पर राजनीति करती रही, लेकिन अब राम मंदिर से जुड़े विवादों पर चुप्पी साधे हुए है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश चंद्रवंशी ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र है, इसलिए पूरे मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही तय होना आवश्यक है।

 

महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा अनंत ने कहा कि देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के साथ मंदिर निर्माण में योगदान दिया है। यदि चढ़ावे या मंदिर प्रबंधन में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

 

जिला महामंत्री मनीष शर्मा और शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल चोरी या वित्तीय अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय है।

 

प्रदर्शन में प्रदेश सचिव वीरेन्द्र जांगड़े, जगमोहन साहू, ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, घनश्याम साहू, सौखी साहू, छवि वर्मा, जिला महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी, सूरज वर्मा, कृष्ण कन्नू आमदे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जितेन्द्र राज नामदेव

एडिटर इन चीफ - खबर योद्धा

error: Content is protected !!