
कवर्धा में चलती दोपहिया वाहन में लगी आग, दो लोगों ने कूदकर बचाई जान
जगन्नाथ मंदिर के पास हुई घटना से मची अफरा-तफरी, जलकर खाक हुआ वाहन
कवर्धा खबर योद्धा।। शहर के जगन्नाथ मंदिर के पास सोमवार को चलती बैटरी चालित दोपहिया वाहन में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान वाहन में दो लोग सवार थे। आग लगते ही दोनों ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। इस घटना में दोनों सुरक्षित बच गए, जबकि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलती गाड़ी में अचानक आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। देखते ही देखते आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन पूरी तरह जल गया।
फिलहाल वाहन में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


