
पंडरिया शक्कर कारखाने में पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ 3.50 लाख मीट्रिक टन गन्ना पेराई का लक्ष्य, 12 नवंबर से किसानों को गन्ना आपूर्ति के लिए पर्ची वितरण
कवर्धा खबर योद्धा।। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पंडरिया जिला कबीरधाम में आज पेराई सत्र 2026-27 का विधिविधान के साथ शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि श्री प्रदीप पुरी गोस्वामी, किसान संघ अध्यक्ष पंडरिया एवं कारखाने के प्रबंध संचालक श्री आशुतोष डड़सेना ने केन कैरियर की पूजा-अर्चना कर नए पेराई सत्र का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि, किसानगण तथा कारखाने के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कारखाने का कार्यक्षेत्र कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड, मुंगेली जिले के मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया विकासखंड तथा बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र तक विस्तृत है। कारखाने के कार्यक्षेत्र में कुल 230 गांव शामिल हैं तथा यहां के 14,908 कृषक सदस्य कारखाने के अंशधारी हैं। इन क्षेत्रों में उत्पादित गन्ने का कारखाने द्वारा भारत सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर क्रय किया जाता है।
3.50 लाख मीट्रिक टन गन्ना पेराई का लक्ष्य
वर्तमान पेराई सत्र 2026-27 के लिए कारखाने द्वारा 3,50,000 मीट्रिक टन गन्ना पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिनांक 12 नवंबर 2026 से गन्ना आपूर्ति के लिए पर्ची वितरण जारी कर दिया गया है। इससे क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों को अपनी उपज कारखाने तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
कारखाना प्रबंधन द्वारा नए पेराई सत्र के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।


