तरेगांव जंगल लूटकांड: फरार आरोपियों पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय

तरेगांव जंगल लूटकांड: फरार आरोपियों पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने की पुरस्कार की घोषणा, आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने वालों को मिलेगा नगद इनाम

कवर्धा खबर योद्धा।। कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में सोना-चांदी व्यवसायी से हुई लूट की गंभीर वारदात में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (भा.पु.से.) ने फरार आरोपियों के संबंध में विश्वसनीय सूचना देने अथवा उनकी गिरफ्तारी कराने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को **10 हजार रुपये नगद पुरस्कार** देने की उद्घोषणा की है। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात कही गई है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के ग्राम दलदली के पास अज्ञात आरोपियों ने दो मोटरसाइकिलों में सवार होकर एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उसके पास मौजूद करीब 15 ग्राम सोना, लगभग 25 किलोग्राम चांदी और 1 लाख 50 हजार रुपये नगद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने थाना तरेगांव जंगल में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत धारा 309(6), 126(2), 115(2) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा क्रमांक 80-ए के प्रावधानों के तहत इनाम की घोषणा की है। घोषणा के मुताबिक, आरोपियों के संबंध में ऐसी विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति, जिसके आधार पर उनकी विधिपूर्वक गिरफ्तारी हो सके, अथवा गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक, कबीरधाम का निर्णय अंतिम होगा। पुलिस ने आम नागरिकों से मांगा सहयोग

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास लूटकांड में शामिल आरोपियों या घटना से संबंधित कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

जितेन्द्र राज नामदेव

एडिटर इन चीफ - खबर योद्धा

error: Content is protected !!