नगर पंचायत पिपरिया के विकास कार्यों को अब और तीव्र गति मिलेगी – घुरूवा राम साहू, अध्यक्ष नगर पंचायत पिपरिया

नगर पंचायत पिपरिया के विकास कार्यों को अब और तीव्र गति मिलेगी – घुरूवा राम साहू, अध्यक्ष नगर पंचायत पिपरिया

 

कवर्धा खबर योद्धा।। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नगरीय निकायों में नामनिर्दिष्ट (एल्डरमेन) पार्षदों का मनोनयन किया गया है। इसके तहत नगर पंचायत पिपरिया से अनिल श्रीवास, पुन्नी यादव एवं नंद कुंभकार को मनोनीत किया गया है। इनकी नियुक्ति से निकाय के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपेक्षा की जा रही है।

शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ मां भारती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैल चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात चेतन साहू, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कवर्धा की उपस्थिति में अनिल श्रीवास, पुन्नी यादव एवं नंद कुंभकार को पृथक-पृथक शपथ दिलाई गई।

 

समारोह में नगर पंचायत पिपरिया के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा जिला कबीरधाम के जिला कोषाध्यक्ष विक्की अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं सांसद संतोष पाण्डेय के प्रयासों से नगर पंचायत पिपरिया को तीन नए एल्डरमेन मिले हैं, जिनके माध्यम से श्रीवास, यादव एवं कुंभकार समाज को प्रतिनिधित्व मिला है। उन्होंने कहा कि शासन की अंत्योदय की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।

 

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने कहा कि नगर पंचायत पिपरिया को तीन नए सेवकों के रूप में एल्डरमेन मिले हैं। अब अध्यक्ष और 15 पार्षदों के साथ नगर की सेवा करने वाले जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ गई है। उन्होंने समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों की ओर संकेत करते हुए कहा कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि शपथ लेने वाला व्यक्ति सभी समाजों का सम्मान करता है और किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करता। उन्होंने विधायक विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की भावना को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न समाजों को प्रतिनिधित्व दिलाया है। जनपद पंचायत कवर्धा के विधायक प्रतिनिधि खेमराज साहू ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

 

नगर पंचायत पिपरिया के अध्यक्ष घुरूवा राम साहू ने कहा कि शासन द्वारा नियुक्त एल्डरमेन नगर के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण सहयोग देंगे और नगर पंचायत पिपरिया के विकास कार्यों को अब और तीव्र गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी एल्डरमेन आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों में सक्रिय योगदान देंगे।

 

इस अवसर पर जसविंदर बग्गा, विक्की अग्रवाल, खेमराज साहू, घुरूवा राम साहू, शिवचरण पटेल, सोम पटेल, राजेन्द्र गुप्ता, कमलकांत नाविक, चित्रबाहू देवांगन, भारती नाविक, नंदनी पाटिला, लक्ष्मी नारायण सतनामी, प्रेमलाल साहू, संध्या देवांगन, शत्रुहन साहू, अशलेखिया साहू, दुर्गेश साहू, नवनियुक्त एल्डरमेन अनिल श्रीवास, पुन्नी यादव एवं नंद कुंभकार, नंदा पाटिला, रविन्द्र देवांगन, नरेश साहू, नगर के आम नागरिक, चेतन साहू (अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व, कवर्धा), नगर पंचायत पिपरिया की स्वच्छता दीदियां, मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर सिंह नेताम तथा निकाय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जितेन्द्र राज नामदेव

एडिटर इन चीफ - खबर योद्धा

error: Content is protected !!