धान खरीदी घोटाला: 70 लाख से अधिक की हेराफेरी, खरीदी प्रभारी गिरफ्तार
कवर्धा खबर योद्धा।। कबीरधाम जिले में धान खरीदी केंद्र में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। थाना कुण्डा क्षेत्र के पेण्ड्रीकला धान उपार्जन केंद्र में करीब 70.43 लाख रुपये की हेराफेरी के मामले में पुलिस ने खरीदी प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव शाखा कुण्डा के प्रार्थी राजेन्द्र कुमार डाहिरे की शिकायत पर की गई। शिकायत के बाद कलेक्टर खाद्य शाखा के निर्देश पर गठित जांच दल ने विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत केंद्र का निरीक्षण किया।

जांच में सामने आया कि 12 जनवरी 2026 तक कुल 23,319.20 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज थी। इसमें से 3,880 क्विंटल धान का उठाव हो चुका था, जबकि शेष 19,439.20 क्विंटल धान उपलब्ध होना चाहिए था। लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 17,167.20 क्विंटल धान ही मिला, जिससे 2,272 क्विंटल धान की कमी पाई गई। इस कमी की शासकीय कीमत 70,43,200 रुपये आंकी गई।
जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि खरीदी प्रभारी विवेक चंद्राकर ने तौल पत्रक और रजिस्टर में गड़बड़ी कर धान की हेराफेरी की और सरकारी धन का दुरुपयोग किया।
मामले में थाना कुण्डा में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रिकॉर्ड में हेराफेरी करना स्वीकार कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विमल लावनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को 26 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
