कवर्धा में पारिवारिक रंजिश ने लिया खौफनाक रूप, जेठ ने कुल्हाड़ी मारकर की बहू की हत्या

कवर्धा में पारिवारिक रंजिश ने लिया खौफनाक रूप, जेठ ने कुल्हाड़ी मारकर की बहू की हत्या

कवर्धा खबर योद्धा।। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव में पारिवारिक रंजिश और शक के चलते एक युवक ने अपनी ही भाई की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले महिला का गला दबाया और फिर कुल्हाड़ी (टंगिया) से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होकर गांव के नहर के पास छिप गया था। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई सहसपुर लोहारा पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को ग्राम मोहगांव निवासी वीरसिंग निषाद ने अपनी पत्नी हेमलता निषाद की हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को दी। शिकायत में मृतिका के जेठ देवसिंग निषाद पर हत्या का आरोप लगाया गया। मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 47/2026 धारा 194 बीएनएसएस तथा अपराध क्रमांक 176/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

शक और विवाद के चलते दिया वारदात को अंजाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा ने तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं।

पुलिस टीम ने एफएसएल वैज्ञानिकों की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान फर्श पर पड़े खून, मृतिका की टूटी हुई चूड़ियां और खून लगे कपड़ों सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान आरोपी देवसिंग निषाद पर संदेह गहराया।

 नहर के पास छिपा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान जानकारी मिली कि घटना के बाद फरार हुआ देवसिंग गांव के नहर के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि सुबह वह अपने लिए रोटी बना रहा था। इसी दौरान हेमलता का गांव के एक युवक के साथ इशारों में बातचीत करने को लेकर उसे शक था। इस बात को लेकर उसने महिला को मना किया था। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर पहले उसका गला दबाया और बाद में टंगिया से हमला कर हत्या कर दी।

हत्या में प्रयुक्त टंगिया और खून से सने कपड़े जब्त

पुलिस ने आरोपी देवसिंग निषाद (30 वर्ष), पिता संतु निषाद, निवासी ग्राम मोहगांव के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया तथा घटना के समय पहने हुए खून लगे शर्ट और हाफ पैंट को जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी देवसिंग निषाद पूर्व में भी अपनी भाई की पत्नी हेमलता निषाद से छेड़छाड़ के एक मामले में जेल जा चुका है।

जितेन्द्र राज नामदेव

एडिटर इन चीफ - खबर योद्धा

error: Content is protected !!