
तरेगांव जंगल डकैती कांड का 48 घंटे में खुलासा, 11.9 किलो चांदी के जेवरात के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़े आरोपी, वारदात में शामिल दो अन्य की तलाश जारी; एक बाइक और 1500 रुपये नकद भी बरामद
कवर्धा खबर योद्धा।। कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में सराफा व्यवसायी से हुई डकैती की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की शाम प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के साथ डकैती की घटना हुई थी। वारदात की सूचना मिलते ही तरेगांव जंगल थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत धारा 309(6), 126(2), 115(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
**100 से अधिक CCTV फुटेज और 24 गांवों में पूछताछ**
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आसपास के रास्तों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। वहीं आसपास के 24 गांवों में 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध मोटरसाइकिल तथा आरोपियों के आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटाई गई। आरोपियों की पतासाजी के लिए तीन अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार सक्रिय रहीं।
**पुलिस को देखकर बाइक से भागा आरोपी, पीछा कर पकड़ा**
जांच के दौरान मुखबिर से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर थाना पंडरिया सहित अन्य पुलिस टीमों ने संदिग्ध निखिल कुर्रे और संजय भास्कर की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को देखकर निखिल कुर्रे मोटरसाइकिल से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे ग्राम बिरकोना के पास पकड़ लिया। उससे मिली जानकारी के आधार पर संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए।
**पहले की रेकी, फिर पीछा कर घाटी में दिया वारदात को अंजाम**
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि 27 अक्टूबर को सभी आरोपी पंडरिया स्थित देशी शराब भट्ठी के सामने एकत्रित हुए थे। इसके बाद वे दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से तरेगांव क्षेत्र पहुंचे। आरोपियों ने बाजार में रहकर प्रार्थी की गतिविधियों और उसके आवागमन पर नजर रखी।
जैसे ही वेदप्रकाश सोनी मोटरसाइकिल से वहां से निकले, आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। मछरीरेवार मंदिर घाटी के ठीक पहले आरोपियों ने मोटरसाइकिल से रास्ता रोक लिया और प्रार्थी तथा उसके साथ मौजूद व्यक्ति के साथ डंडे से मारपीट कर उनके पास रखे सामान एवं जेवरात लूटकर फरार हो गए।
**मुंगेली में बांटे थे लूट के जेवरात, बिलासपुर जाने की थी योजना**
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद वे लूटे गए सामान को लेकर मुंगेली पहुंचे थे। वहां चौपाटी के पास एकत्रित होने के बाद चांदी के जेवरात बेचने के उद्देश्य से बिलासपुर जाने की योजना बनाई गई। आरोपियों ने लूटे गए जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
**तीन आरोपी न्यायिक रिमांड पर, दो अन्य की तलाश जारी**
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे के रूप में हुई है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। वहीं वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
**पुलिस टीम की रही अहम भूमिका**
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल (नक्सल ऑप्स) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत देवांगन, निरीक्षक संग्राम सिंह, रूपक शर्मा, संतोष मिश्रा, योगेश कश्यप, अजय मिन्हा, कमलकांत शुक्ला, आशीष कंसारी, उप निरीक्षक विनोद खांडे, सहायक उप निरीक्षक चंद्रकांत तिवारी, प्रहलाद चंद्रवंशी, महेश वर्मा सहित विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
**सराफा कारोबारियों से पुलिस की अपील**
कबीरधाम पुलिस ने जिले के सराफा व्यापारियों और स्वर्णकारों से अपने प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित जांच करने की अपील की है। दुकान बंद करते समय सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी सुरक्षित लॉकर में रखने, कीमती जेवरात का परिवहन करते समय विशेष सतर्कता बरतने और अकेले आवागमन से बचने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने व्यापारियों से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखने तथा दुकान की रेकी होने की आशंका पर तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि आमजन और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए अपराधों की रोकथाम में सभी का सहयोग जरूरी है।


