
पांडातराई में अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई, जेसीबी से हटाए गए अवैध निर्माण
त्योहारी सीजन से पहले यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल, दुकानदारों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश
पांडातराई खबर योद्धा ।।कबीरधाम। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पंचायत पांडातराई में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत तहसीलदार पंडरिया तथा नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से नगर क्षेत्र में कार्रवाई की।

प्रशासन द्वारा मुख्य मार्गों के दोनों ओर आम निस्तारी रास्तों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान रास्तों पर निर्मित चबूतरे, सीढ़ियां और अस्थायी झोपड़ियों सहित अन्य बाधाओं को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया, ताकि आवागमन को बाधारहित बनाया जा सके।

अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई का उद्देश्य नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम नागरिकों के लिए रास्तों को सुगम बनाना है। त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली आवाजाही को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।

कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को समझाइश भी दी गई कि वे सार्वजनिक रास्तों पर दोबारा अतिक्रमण न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रास्तों को बाधारहित बनाए रखना आवश्यक है, ताकि नगरवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर पंचायत की इस पहल से नगर में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और सार्वजनिक रास्तों पर आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


