
खैरा नर्मदा में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, युवक पर ब्लेड से हमला
नर्मदा चौक पर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, 2 से 3 घंटे तक यातायात रहा प्रभावित
खबर योद्धा आदित्य नामदेव गंडई/खैरा नर्मदा। गंडई क्षेत्र के खैरा नर्मदा में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम संडी निवासी एक युवक पर दूसरे पक्ष के युवक ने सुबह उसकी दुकान में घुसकर ब्लेड से हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल निर्मित हो गया। वहीं, घटना से आक्रोशित पीड़ित और ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग रखी।

उचित कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम

घटना से नाराज पीड़ित के परिजनों और ग्रामीणों ने नर्मदा चौक पर एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ उचित एवं कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। चक्काजाम के कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, चक्काजाम लगभग 2 से 3 घंटे तक जारी रहा। इस दौरान मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, समझाइश के बाद खुला जाम
घटना और प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।


