22 अक्टूबर को गांवों की सूची पढ़कर सुनाई जाएगी, किसानों की मौजूदगी में होगा ग्रामों का संलग्नीकरण

22 अक्टूबर को गांवों की सूची पढ़कर सुनाई जाएगी, किसानों की मौजूदगी में होगा ग्रामों का संलग्नीकरण

कवर्धा। धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कबीरधाम जिले की सभी 145 पुरानी एवं नवीन सहकारी समितियों तथा धान उपार्जन केंद्रों में ग्रामों के संलग्नीकरण से संबंधित गैपिंग आदेश का वाचन 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को किया जाएगा। इस दौरान संबंधित ग्रामों के सरपंच, पंचगण, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं किसानों की उपस्थिति में ग्रामों की सूची पढ़कर सुनाई जाएगी।

सूची वाचन की प्रक्रिया के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सहकारी समितियों एवं धान उपार्जन केंद्रों से ग्रामों का संलग्नीकरण किसानों की सुविधा के अनुरूप और सर्वमान्य हो। इस दौरान आवश्यकता के अनुसार संशोधन के प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जा सकेंगे। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन मान्य नहीं होगा।

इस कार्य के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, राजनांदगांव, परिक्षेत्र कवर्धा को नोडल विभाग नामित किया गया है। वहीं, संबंधित ग्रामों के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी नोडल अधिकारी तथा ग्राम पंचायत सचिव सहायक नोडल अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

जिले में नवीन सहकारी समितियों के गठन और नए धान उपार्जन केंद्रों की स्थापना के माध्यम से किसानों को स्थानीय स्तर पर धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है। प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

जितेन्द्र राज नामदेव

एडिटर इन चीफ - खबर योद्धा

error: Content is protected !!