

स्वतंत्रता दिवस पर सांसद संतोष पाण्डेय ने ‘छिन्दारी के परिन्दे’ का किया अवलोकन

खैरागढ़ खबर योद्धा।। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय ने खैरागढ़ में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। समारोह में शामिल होने के पश्चात उन्होंने छुईखदान वन क्षेत्र का भ्रमण किया और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण पर्यटन स्थल ‘छिन्दारी के परिन्दे’ का अवलोकन किया।

‘छिन्दारी के परिन्दे’ पहुंचने पर वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सांसद संतोष पाण्डेय का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। सांसद ने क्षेत्र का विस्तारपूर्वक भ्रमण कर यहां की प्राकृतिक सुंदरता, हरित परिवेश और मनोहारी वन्य वातावरण का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक छटा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र के प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए पर्यटकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाना चाहिए। उन्होंने स्थल पर पर्यटकीय सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र के समुचित विकास के संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, सांसद प्रतिनिधि प्रेमनारायण चन्द्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत सभापति ललित चोपड़ा, नगर पंचायत एल्डरमैन अर्जुन महोबिया, विकांत चन्द्राकर, किशन सिलोटिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवपदस्थ वनमंडलाधिकारी संजय यादव, संयुक्त वनमंडलाधिकारी मोना माहेश्वरी, परिक्षेत्र अधिकारी गुलशन कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं वन चौकीदार उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र के विकास और प्राकृतिक सौंदर्य के संरक्षण को लेकर सांसद के समक्ष अपने सुझाव भी रखे।
सांसद संतोष पाण्डेय ने वन क्षेत्र की प्राकृतिक पहचान और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखते हुए आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को पर्यटन सुविधाओं के विकास के साथ-साथ प्राकृतिक स्वरूप और वन संपदा के संरक्षण की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।



