मुंह में राम, जेब में चंदा, यही है भाजपा का धंधा — सुरेन्द्र शर्मा
रामभक्तों की श्रद्धा सर्वोपरि है, सच्चाई सामने आनी चाहिए – नवीन जायसवाल
कवर्धा खबर योद्धा ।। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी कवर्धा द्वारा कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता आयोजित कीया गया । प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रेस वार्ता प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने भाजपा आरएसएस एवं केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए राम मंदिर में सामने आए कथित चढ़ावा एवं वित्तीय अनियमितताओं को देश की करोड़ों जनता की आस्था के साथ विश्वासघात बताया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति कर सत्ता प्राप्त की। देश के गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने अपनी मेहनत की कमाई, गहने और बचत भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए समर्पित किए, लेकिन आज वही लोग यह जानना चाहते हैं कि भगवान राम के नाम पर एकत्रित चंदा और चढ़ावा आखिर कहां गया?

उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक अनियमितता नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था, विश्वास और भावनाओं के साथ किया गया घोर विश्वासघात है। भाजपा ने पहले राम मंदिर निर्माण के नाम पर चंदे में सवाल खड़े किए और अब चढ़ावे में कथित गड़बड़ियों के आरोप सामने आ रहे हैं। यह “राम के नाम पर राजनीति और आस्था के नाम पर लूट” का सबसे बड़ा उदाहरण बन गया है।
श्री शर्मा ने कहा कि यदि सब कुछ पारदर्शी था तो ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों के इस्तीफे क्यों हुए? यदि कोई अनियमितता नहीं हुई तो सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच से डर किस बात का है? छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर बड़े लोगों को बचाने का प्रयास क्यों किया जा रहा है?

उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन और उसकी प्रशासनिक संरचना में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह इस पूरे मामले में अपनी नैतिक जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा ने भगवान राम को भी राजनीतिक लाभ का माध्यम बना दिया है। चुनाव के समय राम के नाम पर वोट मांगे गए और अब जब कथित घोटाले एवं अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं, तब भाजपा जवाब देने से बच रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझना चाहिए कि भगवान राम किसी राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं हैं। वे देश की संस्कृति, मर्यादा और करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। रामभक्तों की आस्था पर चोट पहुंचाने वालों को देश कभी माफ नहीं करेगा।
जिला महामंत्री मनीष शर्मा ने कहा कि राम के नाम पर राजनीति करने वालों को अब देश के सामने पूरा हिसाब देना होगा। श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की कथित अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

जिला प्रवक्ता विकास केशरी ने कहा कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए, कथित रूप से शामिल सभी प्रभावशाली व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पुनर्गठन किया जाए तथा मंदिर से जुड़े समस्त चंदे, चढ़ावे एवं व्ययों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
प्रेस वार्ता कार्यक्रम में प्रमुखरूप रूप से शहर अध्यक्ष अशोक सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता विकाश केशरी, भीषण पांडेय, आकाश केशवानी, हितेंद्र ठाकुर, मेहुल सत्यवंशी, नंदराम पाटिल, तुषार वर्मा अजित साहू, लक्ष्मण यादव आशीष साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




