शासकीय नौकरी का झांसा देकर 13.5 लाख की ठगी करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार
खैरागढ़ खबर योद्धा आदित्य नामदेव।। खैरागढ़ क्षेत्र में शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को के सी जी थाना खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान संतराम भारती (पिता- सुखदेव भारती, उम्र- 32 वर्ष, निवासी- मुहडबरी, थाना छुईखदान, जिला- केसीजी) के रूप में हुई है।

आरोपी संतराम भारती ने कलेक्टर ऑफिस में शासकीय नौकरी दिलाने का झांसा देकर विभिन्न लोगों से कुल ₹13,50,000/- की धोखाधड़ी की थी। जब इस ठगी की जानकारी पुलिस को मिली, तो थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 416/25, धारा 318(4), 336(3), 338, 340(1), 340(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
थाना खैरागढ़ पुलिस ने पूरी संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आवश्यक साक्ष्य संकलित कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थाना खैरागढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है तथा अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान की जा रही है।
